चंडीगढ़ (चंद्र शेखर धरणी): आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने प्रदेश में तटबंधों के मजबूत नहीं करने से मंडरा रहे बाढ़ के खतरे को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आगामी मानसून के सीजन को देखते हुए नदियों के तटबंधों को मजबूत करने के लिए बीजेपी सरकार ने कोई काम नहीं करवाया। पिछले साल की बाढ़ से लाखों लोगों का जान माल का नुकसान हुआ था। बीजेपी सरकार को प्रदेश के किसानों और लोगों से कोई मतलब नहीं है।
उन्होंने कहा कि पिछली बार की बाढ़ से लाखों लोगों का नुकसान हुआ था। इसके बावजूद भी बीजेपी सरकार ने कोई सबक नहीं लिया। उन्होंने कहा कि पिछले बार बाढ़ से हुए नुकसान के 1 लाख 30 हजार आवेदन आए थे, लेकिन बीजेपी ने एक भी पैसे का मुआवजा जारी न कर किसानों की कमर तोड़ने का काम किया। आज स्थिति ये कि कुरुक्षेत्र और अंबाला जिले के जिन किसानों की फसल पानी में डूबी थी। वहां आजतक भी सूखी रेत की सफाई नहीं हुई है। इसके साथ पिछली बार की बाढ़ से कोई सबक लेने का काम नहीं किया गया। यमुना के किनारे सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर में पिछले एक दशक से तटबंधों को मजबूत करने का कोई काम नहीं हुआ। इसके कारण हर बार मानसून की बारिश में हरियाणा में बाढ़ आ जाती है। वहीं बीजेपी सरकार की शह पर यमुनानगर, अंबाला से लेकर सोनीपत और पानीपत में अवैध खनन का काम जोरों से चल रहा है।


