Home क्राइम बठिंडा : चार अवैध हथियारों समेत आरोपी गिरफ्तार, जमानत पर बाहर आकर बना असलहा तस्कर

बठिंडा : चार अवैध हथियारों समेत आरोपी गिरफ्तार, जमानत पर बाहर आकर बना असलहा तस्कर

0
बठिंडा : चार अवैध हथियारों समेत आरोपी गिरफ्तार, जमानत पर बाहर आकर बना असलहा तस्कर
बठिंडा। तलवंडी साबो निवासी मोहित कुमार को नशा तस्करी केस में दस वर्ष की कैद हुई थी, चार साल बाद जमानत पर बाहर आया मोहित फेसबुक के माध्यम से मध्यप्रदेश के एक असलहा तस्कर के साथ मिल गया। इसके बाद उसने अवैध असलहा सप्लाई करना शुरू कर दिया।

असलहा तस्कर बने मोहित को बुधवार सीआईए स्टाफ वन की पुलिस टीम ने चार अवैध असलहा समेत काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी मोहित और उससे असलहा मंगवाने वाले कुलदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

वीरवार को एसएसपी जे इलेनचलियन ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सीआईए वन की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि मोहित कुमार नामक युवक संतपुरा रोड के समीप अवैध असलहा डिलीवर करने पहुंचा था। इसके बाद चेकिंग के दौरान मोहित के पास बैग से पुलिस ने चार 32 बोर के अवैध असलहा, कारतूस बरामद किए। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह उक्त असलह मध्य प्रदेश से लेकर आया था, जिसे उसने कुलदीप सिंह नामक युवक को डिलीवर करने थे।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस आरोपी मोहित और असलहा मंगवाने वाले कुलदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। कुलदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को वीरवार अदालत में पेश किया, जहां पर अदालत ने आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया।

मध्य प्रदेश से 15 हजार रुपये में लाकर बेचता था 75 हजार में

सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी मोहित जोकि मध्य प्रदेश से 15 हजार रुपये में प्रति असलहा खरीद करता था और आर्डर मिलने पर वह विशेष तौर पर ट्रेन के जरिये मध्य प्रदेश असलहा लेना जाता था। आरोपी 15 हजार में असलहा लाकर आगे 75 हजार रुपये में बेचता था। कुछ माह पहले आरोपी मोहित ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रिवाल्वर दिखाकर स्विफ्ट छीन ली थी, लेकिन आरोपी मोहित को मानसा पुलिस ने लूटी हुई कार समेत गिरफ्तार कर लिया था।

उस समय भी आरोपी से पुलिस ने अवैध असलह बरामद किया था। आरोपी उक्त मामले में जमानत पर बाहर था। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी मोहित ने पुलिस को बताया कि जब वह जमानत पर बाहर आया था, तो उसने अपनी फेसबुक आईडी चलानी शुरू की। फेसबुक के माध्यम से उसकी जान पहचान मध्य प्रदेश निवासी असलहा तस्कर के साथ हुई। इसके बाद उसने मध्य प्रदेश से असलहा की तस्करी करनी शुरू कर दी थी।