नेशनल डेस्क, 8 जनवरी | आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP को समर्थन देने की घोषणा की है। इस ऐलान के बाद केजरीवाल ने ममता बनर्जी को धन्यवाद कहा।
केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी को धन्यवाद दिया और एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “टीएमसी ने दिल्ली चुनावों में आप को समर्थन देने की घोषणा की है। मैं व्यक्तिगत रूप से ममता दीदी का आभारी हूं। धन्यवाद दीदी। आपने हमेशा हमारे अच्छे और बुरे समय में हमारा समर्थन और आशीर्वाद दिया है।”
सपा का भी मिला समर्थन
इससे पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने हाल ही में आम आदमी पार्टी (आप) को अपना समर्थन देने का ऐलान किया था। इसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार व्यक्त किया। केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “बहुत-बहुत धन्यवाद अखिलेश जी। आपका समर्थन हमेशा हमारे साथ रहता है। इसके लिए मैं और दिल्ली की जनता आपकी आभारी हैं।”
जो बीजेपी को हराएगा, हम उसका समर्थन करेंगे- अखिलेश यादव
कुछ दिन पहले, अखिलेश यादव ने कहा था कि जो भी पार्टी दिल्ली में बीजेपी को हराएगी, सपा उसका समर्थन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में केवल आम आदमी पार्टी (आप) ही बीजेपी को हरा सकती है, इसलिए सपा आप के साथ मिलकर काम करेगी और उनका मंच साझा करेगी। इस समर्थन के ऐलान के बाद, दिल्ली चुनाव में सपा और आप का गठबंधन मजबूत होता दिख रहा है, जो बीजेपी के खिलाफ एक बड़ा मोर्चा बन सकता है।
कांग्रेस अकेली लड़ रही चुनाव
हालांकि, इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी बिना किसी गठबंधन के अकेले चुनाव में उतरी है। जबकि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी और टीएमसी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन दिल्ली चुनाव में इन पार्टियों के बीच कोई गठबंधन नहीं हो पाया है। दोनों पार्टियां, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी, अपने-अपने दम पर चुनाव लड़ रही हैं।