वाशिंगटन | नॉर्थ अमरीका के उटा से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। उटा के इनोक में अंधाधुंध गोलीबारी हुई है, जिसमें 8 लोगों की दर्दनाक मौत हाे गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण इलाके में एक घर में 8 लोगों के शव बरामद हुए हैं, जिनकी गोली मारकर हत्या की गई। मृतकों में तीन व्यस्क और पांच बच्चे शामिल हैं।
लोकल पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार रात की है। सभी के शरीर पर गोली लगने के निशान हैं। मौके पर पुलिस मौजूद है और टीम घटना की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। अभी तक हमलावर के बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।
बता दें कि इससे पहले अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में मंगलवार रात हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 8 वर्षीय एक बच्चे सहित तीन लोग घायल हो गए थे। मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग का कहना था कि शाम लगभग छह बजे गोलीबारी के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।