चंडीगढ़, 16 जुलाई । जालंधर पश्चिमी चुनाव में भारी मतों से आम आदमी पार्टी को मिली जीत के पीछे जो सबसे बड़ा कारण था, वह था मुख्यमंत्री का जालंधर पश्चिमी के मतदाताओं से मोहिंदर भगत को मंत्री बनाने का वादा….। लोगों ने भी इस वादे पर फूल चढ़ाए।
अब पता चला है कि सरकार मोहिंदर भगत को जल्द से जल्द मंत्री बनाने की तैयारी कर रही है और जल्द इस मामले में राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से शपथ ग्रहण का समय लिया जाएगा। हालांकि मोहिंदर भगत ने अभी विधायक पद की भी शपथ नहीं ली है लेकिन उनको मंत्री बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
चार सीटों पर कभी भी हो सकता है उपचुनाव
पंजाब सरकार में एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि फिलहाल एक को ही मंत्री बनाया जाएगा, क्योंकि यह वादा मुख्यमंत्री ने लोगों से किया हुआ है। नहीं बनाएंगे तो वादे से मुकरने का आरोप लग सकता है। साफ है कि एक तय रणनीति के तहत ऐसा किया जा रहा है।