उत्तराखंड, 13 नवंबर | उत्तरकाशी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बन रही सुरंग रवीवार को ढह गइ थी। जिसके अंदर लगभग 40 मजदूर फंसे थे। आज अंदर फंसे लगभग 40 मजदूरों के सुरक्षित होने की खबर सामने आई है। घटना रविवार सुबह की है जब साढ़े चार किलोमीटर लंबी सुरंग का 150 मीटर का हिस्सा सुबह करीब 4 बजे धंस गया।
उत्तरकाशी के सर्कल ऑफिसर, प्रशांत कुमार ने अपडेट देते हुए कहा, “सुरंग के अंदर 40 लोग फंसे हुए हैं। सभी सुरक्षित हैं; उन्हें ऑक्सीजन और पानी उपलब्ध कराया गया है।” उन्होंने बताया कि अंदर मौजूद लोगों से संपर्क स्थापित कर लिया गया है और बचाव के प्रयास जारी हैं, फंसे हुए लोगों तक पहुंचने के लिए 15 मीटर की दूरी तय की जा चुकी है और 35 मीटर की दूरी बाकी है।
राज्य आपदा प्रतिक्रिया अधिकारी दुर्गेश राठौड़ी ने पुष्टि की कि लगभग 40 से 45 मजदूर फंसे हुए हैं, और उन्हें पाइप के माध्यम से ऑक्सीजन की आपूर्ति करने का प्रयास किया जा रहा है। मलबा हटाने सहित बचाव अभियान जारी है और फंसे हुए श्रमिकों को उनकी सुरक्षा के संबंध में आश्वासन दिया गया है।
घटना के बाद तेजी से प्रतिक्रिया हुई, बचाव दल फंसे हुए व्यक्तियों की सुरक्षा के लिए रात भर अथक प्रयास कर रहे थे। प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवान रणवीर सिंह चौहान ने सामूहिक संकल्प व्यक्त करते हुए कहा, “काम बहुत तेजी से चल रहा है। हर कोई बहुत मेहनत कर रहा है।” उत्तरकाशी आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेन्द्र पटवाल ने प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए पुष्टि की कि बचाव अभियान लगातार जारी है।


