पटियाला| राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पंजाब पहुंच रही है जिस कारण वरिष्ठ कांगऱेसी नेताओं की दिल की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। इसी के चलते पंजाब कांग्रेस के 3 पूर्व प्रधानों ने सैंट्रल जेल पटियाला पहुंचकर पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात की। इस मुलाकात से एक संदेश जा रहा है कि टकसाली कांग्रेसी नेताओं का एक बड़ा ग्रुप नवजोत सिंह के साथ है और सिद्धू को आगे करके वह पार्टी को मजबूत करना चाहता है।
पिछले 55 वर्ष से कांग्रेस पार्टी में काम कर रहे और प्रत्येक सरकार में मंत्री रहे और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लाल सिंह, शमशेर सिंह दूलो और मोहिंन्द्र सिंह के.पी. ने सैंट्रल जेल पहुंचकर नवजोत सिंह सिद्धू के साथ मुलाकात की। इसके साथ ही कांग्रेसी विधायक सुखपाल सिंह खैहरा और पूर्व विधायक नवतेज सिंह चीमा ने भी आज जेल में पहुंचकर सिद्धू के साथ मुलाकात की। मुलाकात करने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए लाल सिंह, शमशेर सिंह दूलो और मोहिन्द्र सिंह के.पी. ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू के बाहर आने के साथ पंजाब में कांग्रेस मजबूत होगी।