चंडीगढ़, 6 जुलाई : हरियाणा के भाजपा नेता सुनील चौधरी ने दावा किया कि राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी और लोग केंद्र व राज्य सरकार के कल्याणकारी फैसलों की वजह से हरियाणा में तीसरी बार पार्टी की सरकार बनाने का काम करेंगे। सुनील चौधरी ने कहा कि पहले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और अब मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश को विकास के रास्ते पर बड़ी तेज के साथ लेकर जा रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार हरियाणा को प्रगति के रास्ते पर ले जाने में अपना पूरा सहयोग कर रही है।
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा नेता सुनील चौधरी (सोहना-गुरुग्राम) ने कहा कि पिछले 10 सालों में राज्य का एक समान विकास हुआ है। विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य कराने के लिए सरकार ने अनुदान किया, मगर विपक्षी दलों के विधायक सरकार से यह अनुदान प्राप्त करने में भी पीछे रहे। इसके बावजूद भाजपा सरकार ने स्वयं आगे बढ़कर विपक्षी दलों के विधानसभा क्षेत्रों में भी विकास कार्य कराए हैं। चौधरी के अनुसार हरियाणा में भाजपा डबल इंजन की सरकार के तौर पर काम कर रही है। केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी की सरकार और हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार हर रोज जन कल्याण के फैसले ले रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनके नेता आरक्षण और संविधान को खत्म करने की बात कहकर लोगों को बरगलाने का काम करते हैं। इतना बड़ा झूठ बोलकर ये लोग केवल मात्र सत्ता हथियाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार में आने पर सरकारी योजनाओं के पोर्टल को खत्म करने की बात कहती है जिसका सीधा मतलब है कि कांग्रेस पार्टी गरीब हितैषी कतई नहीं है और इनके नेता सरकारी योजनाओं पर पात्र लोगों का अधिकार खत्म करना चाहते हैं। हमें प्रदेश की जनता को कांग्रेस के झूठ से बचाना है।
एक सवाल के जवाब में भाजपा नेता सुनील चौधरी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा हर जाति और वर्ग के उन सभी दावेदारों को टिकट देगी, जो चुनाव जीतने की स्थिति में होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में युवाओं को भी चुनाव जीतने के लिए टिकटों के अवसर प्रदान करेगी। भाजपा में स्वस्थ लोकतंत्र है, जबकि कांग्रेस में लोकतंत्र खत्म हो चुका है।


