Home क्राइम लुधियाना में लुटेरों ने की व्यक्ति की हत्या:बुलेट बाइक पर भाग रहे चोरों का किया पीछा, सिर पर तेजधार हथियार से हमला

लुधियाना में लुटेरों ने की व्यक्ति की हत्या:बुलेट बाइक पर भाग रहे चोरों का किया पीछा, सिर पर तेजधार हथियार से हमला

0
लुधियाना में लुटेरों ने की व्यक्ति की हत्या:बुलेट बाइक पर भाग रहे चोरों का किया पीछा, सिर पर तेजधार हथियार से हमला

पंजाब 10 जुलाई, लुधियाना में हंबड़ा रोड पर लुटेरों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी है। बदमाश बुलेट मोटरसाइकिल चोरी करके भाग रहे थे। मृतक व्यक्ति ने अपने भाई की मदद से बाइक पर सवार होकर काफी दूर तक चोरों का पीछा किया। लेकिन जब चोरों के करीब पहुंचे तो सुनसान इलाके में बदमाशों ने उसके सिर पर रॉड और धारदार हथियार से हमला कर दिया।

जिसमें 38 वर्षीय सुखविंदर सिंह की जान चली गई। इस मामले में लुधियाना देहात के सिधवां बेट थाने की पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दीवार फांदकर घर में घुसे चोर

अंग्रेज सिंह के बयान के अनुसार घटना की शुरुआत तब हुई जब सुबह करीब 3:45 बजे दो बदमाश दीवार फांदकर उनके घर में घुसे। कुछ महीने पहले विदेश गए एक पड़ोसी ने अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक उनके घर पर छोड़ दी थी। चोरों ने बाइक का लॉक खोला और उसे लेकर भागने की कोशिश की।

आवाज सुनकर अंग्रेज सिंह के पिता जाग गए और अपने बेटों को इसकी जानकारी दी। सुखविंदर सिंह और अंग्रेज सिंह ने तुरंत अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक पर चोरों का पीछा किया। पीछा करने पर वे सिधवां बेट हंबड़ा रोड की तरफ भाग गए।

धारदार हथियारों से लैस थे बदमाश

अंग्रेज सिंह ने बताया कि चोर धारदार हथियारों और लोहे की रॉड से लैस थे। उन्होंने बताया कि जब वह उनके करीब पहुंचे तो उन्होंने अपने हथियारों से उन पर हमला करने की कोशिश की। अंग्रेज ने बताया कि जब वह बदमाशों को पकड़ने के लिए नजदीक पहुंचे तो एक बदमाश ने धारदार हथियार से सुखविंदर के सिर पर वार कर दिया। जिससे दोनों बाइक से नीचे गिर गए। सुखविंदर बेहोश हो गए। इसके बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए।