पेरिस, 25 जुलाई । पेरिस ओलंपिक 2024 जल्द ही शुरू होने वाला है। इस बार ओलंपिक में 10500 खिलाड़ी भाग ले रहे है जिसके लिए पेरिस में कई कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए है। ओलंपिक में हिस्सा लेने के लिए दुनियाभर से खिलाड़ी ओलंपिक के लिए पेरिस पहुंच रहे है। इस बीच दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने एक बड़ा ऐलान किया है।
पेरिस ओलंपिक में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना हर खिलाड़ी का सपना होता है। इस पेरिस ओलंपिक का कल से जहां शुभारंभ होने वाला है वहीं ओलंपिक से ठीक पहले दुनिया के नंबर 1 टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने ओलंपिक से अपना नाम वापस ले लिया है।
सोशल मीडिया पर किया ऐलान
दुनिया के नंबर 1 टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर गले में संक्रमण (टॉन्सिल) के कारण बुधवार को पेरिस ओलंपिक से हट गए। इटली के इस 22 वर्षीय खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि डॉक्टर ने उन्हें सलाह दी है कि वह ओलंपिक खेलों में हिस्सा नहीं लें।
जनवरी में ऑस्ट्रेलिया ओपन के साथ अपना पहला ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले सिनर पिछले महीने फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचकर एटीपी रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बने थे।