नेशनल डेस्क: इनकम टैक्स के बोझ से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार बजट 2025-26 के दौरान इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव या छूट की घोषणा कर सकती है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2025 को बजट पेश करने वाली हैं, जिसमें करदाताओं को राहत देने के लिए नई योजनाओं और प्रस्तावों की उम्मीद की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संगठनों ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को सुझाव दिया है कि सालाना 10 लाख रुपये तक की आय वाले करदाताओं को टैक्स से पूरी तरह छूट दी जाए। उनका मानना है कि यह कदम मध्यम वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूत करेगा और घरेलू खपत को बढ़ावा देगा।
फिलहाल, नई टैक्स व्यवस्था के तहत आयकर में 7 लाख रुपये तक छूट मिल रही है। इसे और बढ़ाकर 10 लाख रुपये तक किया जा सकता है। वहीं, पुरानी टैक्स व्यवस्था में छूट की सीमा को 2.5 लाख रुपये से बढ़ाने पर भी चर्चा हो रही है।
मिडिल क्लास को राहत
मिडिल क्लास को ध्यान में रखते हुए बजट में स्टैंडर्ड डिडक्शन, होम लोन पर ब्याज दर छूट, और चिकित्सा खर्चों में अधिक छूट मिलने की संभावना है। सरकार कर स्लैब को सरल बनाने और टैक्स फाइलिंग प्रक्रिया को और आसान बनाने के उपाय कर सकती है।