चंडीगढ़, 17 फरवरी | किसान आंदोलन का आज सातवां दिन है। पंजाब के किसान दिल्ली जाने की जिद को लेकर शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। इस आंदोलन के दौरान एक किसान की दिल का दौरा पड़ने से और एक सब-इंस्पेक्टर की दम घुटने से मौत हो गई।
इस आंदोलन में पंजाब का सबसे बड़ा किसान संगठन बीकेयू (उगराहां) भी शामिल हो गया है। वे आज से 2 दिनों के लिए पंजाब में सभी टोल फ्री करेंगे। इसके अलावा पंजाब बीजेपी नेता पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और केवल ढिल्लों के घर का घेराव करेंगे।

इसके साथ ही बीकेयू (चारुनी) हरियाणा की तहसीलों में ट्रैक्टर मार्च निकालेगी। शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में आज चारुनी ग्रुप हरियाणा की सभी तहसीलों में ट्रैक्टर मार्च निकालेगा। किसानों को सुबह 11 बजे विरोध प्रदर्शन का समय दिया गया है। इसलिए किसानों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि किसानों से आग्रह है कि कोई भी किसान गांव में ट्रैक्टर लेकर न बैठे, इस आंदोलन में भाग लेकर किसानों की आवाज बुलंद करें। ये ट्रैक्टर मार्च शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाएगा। किसान 11 फरवरी से दिल्ली की ओर मार्च कर रहे हैं और हरियाणा सरकार भारी बल का इस्तेमाल कर उन्हें रोक रही है। इस बीच हरियाणा के शंभू और खनुरी बॉर्डर पर किसानों के बीच झड़प की भी कई खबरें सामने आई हैं, जिसमें बड़ी संख्या में किसान घायल भी हुए हैं।
इस दौरान किसानों और केंद्रीय मंत्रियों के बीच कई बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई। अब अगली बैठक रविवार को होगी।