Wednesday, June 10, 2026
No menu items!
Google search engine

NRI उद्योगपति डॉ. शमशीर वायलिल ने तुर्की, सीरिया में भूकंप राहत कार्यों के लिए 11 करोड़ रुपये किए दान

दुबई | संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) स्थित भारतीय उद्योगपति डॉ. शमशीर वायलिल तुर्की और सीरिया में विनाशकारी भूकंप के बाद बचाव और पुनर्वास मिशन में सहयोग के लिए आगे आए हैं। बुर्जील होल्डिंग्स के संस्थापक और अध्यक्ष शमशीर ने भूकंप प्रभावित देशों के लिए 11 करोड़ रुपये दान दिए हैं। सहायता राशि अमीरात रेड क्रीसेंट को सौंप दी गई है, जो इस क्षेत्र में राहत प्रयासों में मदद कर रही है। इस राशि का उपयोग दवा और अन्य तरह की जीवनरक्षक आपूर्ति के अलावा उन लोगों के पुनर्वास के लिए किया जाएगा, जो भूकंप के कारण अपने घर खो चुके हैं।

6 फरवरी को इस क्षेत्र में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के बाद सैकड़ों परिवार विस्थापित हो गए हैं। इस भूकंप के कारण 34,000 से अधिक लोग मारे गए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार इस भयावह प्राकृतिक आपदा से 2.3 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं।

डॉ. शमशीर की वीपीएस हेल्थकेयर कोच्चि स्थित सुपर-स्पेशियलिटी वीपीएस लेकशोर अस्पताल का मालिकाना हक रखती है। डॉ. शमशीर ने कहा, “यह दान राहत कार्य में सहायता और तेजी प्रदान करने के हमारे प्रयासों का हिस्सा है। मेरा दिल विनाशकारी भूकंप से प्रभावित सभी लोगों के साथ है, और मुझे आशा है कि यह योगदान उनकी जरूरतों को पूरा करेगा।”

डॉ. शमशीर लगातार परोपकार कार्यों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कई उल्लेखनीय पहलों के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं के दौरान समाज में रह रहे प्रभावित लोगों की सहायता की है।

डॉ. शमशीर ने भारत में अक्सर सहायता प्रयासों में योगदान दिया है, जिसमें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष में महत्वपूर्ण योगदान शामिल है। 2018 में, उन्होंने निपाह वायरस से लड़ने के प्रयासों में केरल की सहायता के लिए चिकित्सा आपूर्ति और प्रोटोक्टिव गियर की खेप विमान से भेजी थी। उन्होंने एक पुनर्वास और पुनर्निर्माण परियोजना भी शुरू की है, जिसमें राज्य में बाढ़ से क्षतिग्रस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को एक मॉडल परिवार स्वास्थ्य केंद्र के रूप में पुनर्निर्मित किया गया था। मई 2018 में, डॉ. शमशीर द गिविंग प्लेज में शामिल हुए, जो माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स और बिजनेस मैग्नेट वॉरेन बफेट द्वारा दुनिया भर में अच्छे कारणों का समर्थन करने के लिए बनाई गई एक पहल है। डॉ. शमशीर ने दुनिया भर के हजारों लोगों की मदद की है और भूकंप पीड़ितों के लिए सहायता के लिए जारी नवीनतम दान राशि उनके परोपकारी पहलों में से एक है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments