Wednesday, June 10, 2026
No menu items!
Google search engine

एनिमल फिल्म से प्रभावित हुआ बेटे का व्यवहार: पिता के अपमान का बदला लेने के लिए मासूम का गला घोंटकर गटर में फेंका

फिरोजाबाद, 21 दिसंबर | यूपी के फिरोजाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां बॉलीवुड फिल्म ‘एनिमल’ से प्रभावित होकर एक शख्स ने अपने पिता के अपमान का बदला लेने के लिए एक मासूम की हत्या कर दी।

मामला रामगढ़ थाना क्षेत्र के कश्मीरी गेट का है। खुर्शीद के मकान में किराए पर रहने वाले फैक्ट्री कर्मी मोहम्मद राशिद का छह वर्षीय बेटा अबूराज उर्फ ​​पन्नू मंगलवार रात साढ़े आठ बजे घर से लापता हो गया।

अबुराज ठीक से बोल भी नहीं पाता था। कई घंटे तक तलाश करने के बाद स्वजन ने पुलिस को शिकायत दी और पड़ोसी युवकों हाशिम और बिलाल पर शक जताया। पुलिस ने हाशिम को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

नाले में मिला शव

बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे बच्चे का शव राशिद के घर से 200 मीटर दूर कोटला निवासी सलीम के निर्माणाधीन मकान के नाले में पड़ा मिला। उसके गले में प्लास्टिक की रस्सी बंधी थी।

एसपी सिटी सर्वेश मिश्र, सीओ सिटी कमलेश कुमार डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ वहां पहुंच गए। इसके बाद हाशिम से दोबारा पूछताछ की गई। सीओ सिटी ने बताया कि कुछ दिन पहले किसी विवाद के चलते रशीद ने हाशिम के पिता की पिटाई कर दी थी। जिसके चलते वह बदला लेने की सोच रहा था।

प्लास्टिक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या

मंगलवार दोपहर हाशिम एनिमल फिल्म देखने गया था। वहां से वापस आकर शाम को राशिद के साथ शराब पी। वह शराब पीकर घर लौट रहा था और रास्ते में उसकी मुलाकात अबुराज से हो गई। वह बच्चे को सामान दिलाने के बहाने एक निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां प्लास्टिक की रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसने शव को निर्माणाधीन गटर में फेंक दिया और घर चला गया।

सीओ सिटी ने बताया कि हाशिम और बिलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज में हाशिम अबुराज को ले जाता दिख रहा है। क्या थी बिलाल की भूमिका? इसकी अभी भी जांच चल रही है। अबुराज चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments