बीजिंग| पूर्वी चीन के जियांग्शी प्रांत में रात को घने कोहरे के कारण भीषण सड़क दुर्घटना में 17 लोगों ने दम तोड़ा दिया और 22 अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों का हवाला देते हुए सरकारी मीडिया सीसीटीवी ने कहा, दुर्घटना में 17 लोगों की मौत हो गई व 22 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
सरकारी मीडिया के मुताबिक, यह हादसा नानचांग काउंटी में रात 1 बजे से ठीक पहले हुआ। दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। हालांकि, हादसे की खबर सामने आने के लगभग एक घंटे बाद, नानचांग काउंटी ट्रैफिक पुलिस ने इलाके में खराब मौसम और धुंध की वजह से कम विजिविलिटी की एडवायजरी जारी की।
सख्त सुरक्षा नियंत्रण की कमी के कारण चीन में सड़क दुर्घटनाएं आम हैं। पिछले महीने, मध्य चीन में एक राजमार्ग पर कई वाहनों की टक्कर के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई जिसमें सैकड़ों वाहन शामिल थे।