मुक्तसर, 21 दिसंबर| कोटकपूरा रोड बाइपास पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मामूली विवाद के बाद एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुमित निवासी रत्तेवाला के रूप में हुई है। इस हमले में एक युवक भी घायल हो गया है। घटना के बाद आरोपी स्कॉर्पियो कार में सवार होकर भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे स्कॉर्पियो कार में आए कुछ युवक कोटकपुरा रोड बाइपास पर कार से उतरे। उनमें से एक ने हाथ में पिस्तौल पकड़ रखी थी। किसी बात पर उसका सुमित से मामूली झगड़ा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने सुमित पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक अन्य युवक भी घायल हुआ है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।