नोएडा, 8 नवंबर| एल्विश यादव नोएडा पुलिस के सामने पेश हुए, जहां देर रात उनसे पूछताछ की गई। नोएडा पुलिस ने ‘स्नेक पॉइज़न रेव’ मामले में यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी-2 विजेता एल्विश यादव से नोएडा सेक्टर 20 थाने में करीब तीन घंटे तक पूछताछ की है।
नोएडा पुलिस की पूछताछ में एल्विश यादव ने पुलिस को बताया कि वह निर्दोष है। उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है। फिलहाल नोएडा पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि पिछले हफ्ते नोएडा में एक रेव पार्टी से सांप और सांप का जहर बरामद होने के बाद यूट्यूबर एल्विश यादव सुर्खियों में आ गए थे। पुलिस ने पार्टी में सांप के जहर का इस्तेमाल करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। बाद में जब आरोपियों से पूछताछ की गई तो एल्विश यादव का नाम सामने आया। गिरफ्तार किए गए लोगों ने कथित तौर पर खुलासा किया है कि वे बिग बॉस ओटीटी विजेता द्वारा आयोजित पार्टियों में सांपों की आपूर्ति करते थे।
वन विभाग ने कहा कि कोबरा शेड्यूल-ए श्रेणी का जानवर है और विष ग्रंथि को निकालना क्रूरता की श्रेणी में आता है। इस अपराध में दोषी पाए जाने पर आरोपी को सात साल तक की सजा हो सकती है। बरामद किए गए बाकी चार सांप गैर विषैले हैं। वन विभाग ने कोर्ट से अनुमति लेकर सभी सांपों को जंगल में छोड़ दिया है।