नई दिल्ली, 11 फरवरी | शनिवार को दिल्ली पश्चिमी से भाजपा सांसद और प्रसिद्ध पंजाबी सूफी गायक हंसराज हंस ने संसद में भगवान श्री राम पर भजन सुनाया। उन्होंने अयोध्या में बने श्री राम मंदिर की शायराना अंदाज में प्रशंसा भी की। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
हंसराज हंस ने करीब 9 मिनट 43 सेकंड तक भाषण दिया। उन्होंने कहा, “हम खुशकिस्मत हैं कि राम मंदिर हमारे मौजूदगी में बना है। राम नाम को समझने के लिए दिल में प्रेम भाव होना जरूरी है।”
शायरी से शुरू किया भाषण
हंसराज हंस ने अपनी बात शायरी से शुरू की। उन्होंने कहा, “मुझे तो होश नहीं, आप मशवरा दीजिए, कहां से छेडूं फसाना, कहां तमाम करूं।” इसके बाद उन्होंने जय श्री राम का नारा लगाया।
राम मंदिर के लिए भक्तों की तपस्या
सांसद हंसराज हंस ने कहा, “सदियों से भक्तों की कभी न पूरी होने वाली तमन्ना 22 जनवरी को पूरी हुई। इसमें कई भक्तों की जानें चली गईं। संतों और महात्माओं ने रो-रोकर प्रभु से प्रार्थना की, इसी के फल स्वरूप आज राम मंदिर बन गया है। पूरी दुनिया ने उस दिन दिवाली मनाई।”
उन्होंने रामायण के कई अध्यायों का भी अपने भाषण में जिक्र किया। सांसद हंसराज ने कहा, “इस राष्ट्र को श्री राम मान लो और खुद हनुमान बन जाओ। राष्ट्र के वफादार बन जाओ।”
हंसराज हंस ने गाया भजन
इसके बाद उन्होंने भजन गाया, जिसमें उन्होंने राम मंदिर और भगवान राम की महिमा का गुणगान किया।
हंसराज हंस का परिचय
हंसराज हंस मूल रूप से जालंधर के गांव शफीपुर के रहने वाले हैं। उनका जन्म 9 अप्रैल 1962 में हुआ था। पंजाब के सूफी गायकों में हंस राज हंस अपने समय पर पहले नंबर पर थे। हंस राज हंस पाकिस्तान के सबसे बड़े गायक हुए नुसरत फतेह अली खान के साथ भी गाना गा चुके हैं। बता दें कि हंसराज के दोनों बेटे पंजाब के चर्चित गायक हैं।
राजनीतिक करियर
हंसराज हंस ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के सदस्य के रूप में की थी। जालंधर से 2009 का लोकसभा चुनाव लड़े थे। जिसमें वह हार गए। इसके बाद वह कांग्रेस के साथ जुड़ गए थे। जहां उन्हें ज्यादा मौका नहीं मिला। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हुए और 2019 में भाजपा की ओर से दिल्ली पश्चिमी से चुनाव लड़े और जीत गए।


